Published On:Wednesday, April 16, 2014
Posted by NJFI media
चुनाव प्रचार में काला धन लगा रही बीजेपी: सिब्बल
कांग्रेस ने आज आरोप लगाया कि बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार पर तकरीबन 5000 करोड़ रुपये का खर्च आ सकता है, जिसमें से अधिकांश काला धन है.
पार्टी ने इस बात की जांच की मांग की है कि ये भारी धन कहां से आया? कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि बीजेपी के अंदर के लोग भी कह रहे हैं कि पार्टी के चुनाव प्रचार पर संभवत: 5000 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है.
उन्होंने कहा कि 5 मार्च को आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले ही मोदी की रैलियों पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए गए. इसमें अकेले उत्तर प्रदेश की रैलियों पर 300 करोड़ रुपये खर्च हुए. ये खर्च भी कुल रकम में शामिल है. सिब्बल ने दावा किया कि बेंगलुरु रैली पर 20 करोड़ रुपये और लखनऊ रैली पर 40 करोड़ रुपये खर्च किए गए.
उन्होंने सवाल किया कि यदि आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले इस तरह का खर्च है तो 5 मार्च के बाद हुई रैलियों में कितना खर्च हुआ होगा? उन्होंने जानना चाहा कि इन विशाल रैलियों का वित्तपोषण कौन कर रहा है और काले धन के मुद्दे पर लालकृष्ण आडवाणी एवं मोदी चुप क्यों हैं.

