Published On:Monday, June 23, 2014
Posted by NJFI media
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी टीम के लिए तय किए तीन अहम काम
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नई केंद्र सरकार को बने इस हफ्ते एक महीना पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों और अफसरों को तीन क्षेत्रों पर तत्काल ध्यान देने और कार्रवाई करने को कहा है।वैसे सरकार की प्राथमिकता बिगड़ी अर्थव्यस्था को पटरी पर लाना तो है ही, लेकिन प्रधानमंत्री तीन कामों को सबसे पहले पूरा होते हुए देखना चाहते हैं। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया है कि केंद्र और राज्यों के बीच संबंधों को बेहतर बनाया जाए, जनता की शिकायतों और तकलीफों को दूर किया जाए और सेना के लिए जरूरी हथियारों और औजारों को बिना किसी देरी के उपलब्ध करवाया जाए।
प्रधानमंत्री अफसरों को पहले ही यह निर्देश दे चुके हैं कि कार्यों में होने वाली देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि लाल फीताशाही कम करके जवाबदेही और क्षमता बढ़ाई जाए। अब वह चाहते हैं कि नौकरशाह उनके दफ्तरों में आने वाली शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करें। इनमें भी सोशल मीडिया और वेबसाइटों पर दर्ज होने वाली फ्लाइट्स, ट्रेन टिकट, ट्रेन यात्रा, टेलिकॉम, बैंकिंग, हेल्थ और पेंशन से जुड़ी शिकायतों को खासतौर से तरजीह दी जाएगी।

