Published On:Monday, October 21, 2013
Posted by NJFI media
शोभन सरकार के आगे मोदी हुए नतमस्तक, पर नहीं मिली माफी
लखनऊ। उन्नाव में हो रही खजाने की खुदाई की खिल्ली उड़ाने वाले नरेंद्र मोदी को शोभन सरकार की नाराजगी के आगे घुटने टेकने पड़े। मोदी ने न सिर्फ एक नेता को भेजकर शोभन सरकार से सुलह की कोशिश की। बल्कि ट्वीट कर उनकी तारीफ के पुल बांधे। लोकिन शोभन सरकार की ओर से उन्हें माफी नहीं मिली है। दरअसल शोभन सरकार ने मोदी के चेन्नई में दिए बयान के बाद एक नाराजगी भरी चिठ्ठी जारी की। चिठ्ठी में नरेंद्र मोदी के प्रचार पर खर्च हो रहे धन पर उंगली उठाई गई है। शोभन सरकार के शिष्य का कहना है कि मोदी ने प्रणाम किया है और हमने केवल प्रणाम स्वीकार किया है।
उन्नाव को डौंडियाखेड़ा गांव में खजाने की खोज से जुड़े नरेंद्र मोदी के बयान पर संत शोभन सरकार ने नाराजगी जताई है। संत शोभन के प्रवक्ता ओम महाराज के मुताबिक उनके गुरु इस बात से नाराज हैं कि मोदी ने सपने से खुदाई की बात कैसे कही। जबकि खुदाई वैज्ञानिक आधार पर हो रही है। मोदी को भेजी अपनी चिट्ठी में संत शोभन ने काले धन के मामले पर एनडीए सरकार पर भी उंगली उठाई है।
शोभन सरकार ने अपनी चिट्ठी में लिखा था कि आपकी सरकार अटल जी के नेतृत्व में अपना कार्यकाल पूरा कर चुकी है। तब आपकी सरकार काला धन स्विस बैंक से क्यों नहीं ला पाई, मोदी जी एक सवाल और आपकी पार्टी आपकी ब्रांडिंग करने के लिए जितना धन प्रतिदिन खर्च कर रही है वो काला है या सफेद, क्या आप बताने की कृपा करेंगे। आप मीडिया की नजरों में देश के भावी प्रधानमंत्री के रूप में देखे जा रहे हैं। आम जनता और देश का संत समाज कुछ बिंदुओं पर आपका नजरिया जानना चाहता है। मैं आपको सार्वजनिक बिंदुवार चर्चा के लिए सादर आमंत्रित करता हूं।
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को चेन्नई की रैली के दौरान नरेंद्र मोदी ने खजाने की खुदाई पर चुटकी ली थी। जिसके बाद संत शोभन सरकारी की चिट्ठी मीडिया में आई और बीजेपी बैक फुट पर आ गई है।
खुद नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर सफाई देने के अंदाज में लिखा है कि संत शोभन सरकार के प्रति अनेक सालों से लाखों लोगों की श्रद्धा जुड़ी हुई है, मैं उनकी तपस्या और त्याग को प्रणाम करता हूं। भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि वो विदेशों में जमा काले धन के संबंध में एक श्वेत पत्र प्रस्तुत कर देश की जनता को आश्वस्त करे।
इस बीच सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने चुटकी ली है। उनका कहना है कि बीजेपी और मोदी अलग अलग सुर में बात कर रहे हैं। मोदी की पार्टी देवालय की बात करती है वो शौचालय की बात करते हैं।

