Published On:Tuesday, December 17, 2013
Posted by NJFI media
सौरव को मोदी ने दिया चुनाव लड़ने का न्योता
- कोलकाता [जागरण ब्यूरो]। क्रिकेट के मैदान पर अपने छक्कों से बड़े-बड़ों के छक्के छुड़ाने वाले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को भाजपा ने राजनीतिक पिच पर बल्लेबाजी का न्योता दिया है। बंगाल के महाराजा के नाम से मशहूर सौरव को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव लड़ने की पेशकश की है। इतना ही नहीं राजग के सत्ता में आने पर गांगुली को खेल मंत्री बनाने तक का एलान पार्टी ने कर दिया है। व्यस्तता के चलते सौरभ ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है लेकिन वे जल्द ही इस पर फैसला कर सकते हैं।
- स्वच्छ व ईमानदार छवि के लोगों को पार्टी में शामिल करने के लिए भाजपा नेतृत्व कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के बेटे सुनील शास्त्री व पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह को पार्टी में शामिल करने के बाद उसकी निगाहें 'बंगाल टाइगर' पर टिकी हैं। पश्चिम बंगाल में यह पांसा फेंककर भाजपा बड़ा दांव खेलना चाहती है। इसके लिए भाजपा सौरव गांगुली को बंगाल के बाहर की सुरक्षित सीट से टिकट देने को भी तैयार है।


