मीरपुर: स्पिनरों की बलखाती गेंदों की जादूगरी के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने मौजूदा चैंपियन वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराकर आईसीसी विश्व टी20 चैंपियनशिप के सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाये.
भारत की स्पिन तिकड़ी ने फिर से कमाल दिखाया तथा पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले वेस्टइंडीज को सात विकेट पर 129 रन ही बनाने दिये. इसके उलट रोहित (55 गेंद पर नाबाद 62 रन) और कोहली (41 गेंद पर 54 रन) ने कैरेबियाई स्पिनरों के सामने सहजता से रन बटोरे और दूसरे विकेट के लिये 106 रन की साझेदारी की. भारत ने 19.4 ओवर में तीन विकेट पर 130 रन बनाकर जीत दर्ज की.
लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने फिर से प्रभावशाली गेंदबाजी की और चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिये. रविचंद्रन अश्विन (24 रन देकर एक विकेट) ने भी लेग स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी करके बल्लेबाजों पर अंकुश लगाये रखा. रविंद्र जडेजा पर लेंडल सिमन्स (27) ने कुछ बड़े शॉट लगाये लेकिन उन्होंने 48 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट लिये. क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज की तरफ से सर्वाधिक 34 रन बनाये लेकिन वह किसी भी समय अपने रंग में नहीं दिखे. वेस्टइंडीज के अन्य बल्लेबाज भी मजबूत स्पिन आक्रमण के सामने जूझते नजर आये.
भारत की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने का दावा अधिक मजबूत हो गया है. अपने पहले मैच में पाकिस्तान को हराने वाले भारत को अब 28 मार्च को बांग्लादेश और फिर 30 मार्च को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है. भारत अभी चार अंक लेकर ग्रुप दो में शीर्ष पर है.